4 वस्तुओं के समूह बनाना 4.1(हमारे चारों ओर की वस्तुएं)
हमने देखा है कि हमारे भोजन तथा वस्त्रों में बहुत अधिक विविधता है। हर स्थान पर इसी प्रकार की विविधता वाली अनेक वस्तुएं होती है। हम अपने चारों ओर कुर्सियां, बैलगाड़ियां, साईकिलें खाना पकाने के बर्तन, पुस्तकें, वस्त्र, खिलौने, जल पत्थर तथा अन्य बहुत सी वस्तुएं देखते हैं। इन सभी वस्तुओं की आकृतियां रंग (वर्ण) तथा गुण भिन्न-भिन्न होते हैं (चित्र 4.1)।
अपने चारों ओर देखिए तथा गोल आकृति की वस्तुएं पहचानिए। हमारी इस सूची में विभिन्न प्रकार की गेंद, जैसे रबड़ की गेंद, फुटबॉल तथा कंचे सम्मिलित हो सकते हैं। यदि हम अपनी सूची में लगभग गोल वस्तुओं जैसे को भी सम्मिलित कर लें तो इस में सेब, संतरे तथा घड़े जैसी वस्तुओं को भी रखा जा सकता है। मान लीजिए, हम ऐसी वस्तुओं पर ध्यान दें रहें हैं जिन्हें खाया जा सकता है, तब हम इस सूची में उन सभी मदों को सम्मिलित कर सकते हैं जिन्हें हमने अध्याय 1 की सारणियों 1.1, 1.2 एवं 1.3 में सूचीबद्ध किया था। यह भी हो सकता है कि जिन गोल वस्तुओं की सूची हमने अभी बनाई है उनमें से कुछ वस्तुएं इस समूह में भी सम्मिलित हो।
मान लीजिए, हम प्लास्टिक की बनी वस्तुओं का एक समूह बनाना चाहते हैं। बाल्टियां, लंच बॉक्स, खिलौने, जल पात्र, पाइप तथा इसी प्रकार की बहुत सी वस्तुओं को इस समूह में स्थान मिल सकता है। अतः वस्तुओं के समूह बनाने के बहुत से ढंग हैं। उपर्युक्त उदाहरण में हमने वस्तुओं को समूहों में उनकी आकृतियों तथा जिस पदार्थ से वे बने हैं, के आधार पर बांटा है।
हमारे चारों ओर की वस्तुएं एक अथवा एक से अधिक पदार्थों से बनी होती हैं। ये पदार्थ कांच, धातुएं, प्लास्टिक, लकड़ी, रुई, कागज, पंक तथा मृदा हो सकते हैं। क्या आप पदार्थों के और अधिक उदाहरणों के विषय में विस्तार कर सकते हैं?
क्रियाकलाप 1
आइए, अब हम अपने चारों ओर से जितनी संभव हो सके, उतनी वस्तुएं एकत्र करते हैं। हममें से प्रत्येक अपने घर से प्रतिदिन उपयोग होने वाली एक वस्तु ला सकता है तथा कुछ वस्तुएं कक्षा के कमरे से अथवा विद्यालय के बाहर से एकत्र कर सकता है। हमारे इस संग्रह में हमारे पास क्या होगा? चाक, पेंसिल, नोटबुक, रबड़, हथौड़ा, कील, साबुन, पहिए का आरा, बैट, माचिस की डिब्बी, नमक एवं आलू। हम वस्तुओं की एक ऐसी सूची भी बना सकते हैं जिनके बारे में हम केवल सोच ही सकते हैं, कक्षा के कमरे में ला नहीं सकते। उदाहरण के लिए दीवार, वृक्ष, दरवाजे, ट्रैक्टर और सड़कें।
इस संग्रह से उन सभी वस्तुओं को पृथक कीजिए जो कागज अथवा लकड़ी से बनी हैं। इस प्रकार आप सभी वस्तुओं को दो समूहों में बांट सकते हैं। इनमें एक समूह की सभी वस्तुएं कागज अथवा लकड़ी से बनी हैं तथा दूसरे समूह की वस्तुएं इन पदार्थों से नहीं बनी हैं। इसी प्रकार हम खाना पकाने में उपयोग होने वाली वस्तुओं को पृथक कर सकते हैं।
आइए , अब हम कुछ अधिक योजनाबद्ध होते हैं। एकत्र की गई सभी वस्तुओं की सारणी 4.1 में सूची बनाइए। प्रत्येक वस्तु जिन जिन पदार्थों से बनी है उनको पहचानने का प्रयास कीजिए। इतनी लंबी सारणी बनाना, जिसमें जितनी वस्तुएं संभव हैं उन सभी के बारे में सूचना एकत्र करके लिखना एक कौतुक हो सकता है। एकत्र करके लिखना एक कौतुक हो सकता है। एकत्र की गई वस्तुओं में से कुछ वस्तुओं के पदार्थों के बारे में पता लगाना कठिन कार्य प्रतीत हो सकता है। ऐसे प्रकरणों में पदार्थों की पहचान के लिए अपने मित्रों, शिक्षक तथा अभिभावकों से विचार-विमर्श कीजिए।
क्रियाकलाप 2
सारणी 4.2 में कुछ सामान्य पदार्थों की सूची दी गई है। इनके अतिरिक्त अपनी जानकारी के और अधिक पदार्थ आप इस सारणी के काॅलम 1 में जोड़ सकते हैं। अब प्रयास करके अपनी जानकारी की दैनिक उपयोग में आने वाली उन वस्तुओं के बारे में विचार कीजिए जो मुख्यत इन्हीं पदार्थों से बनी हैं और उन्हें कालम 2 सूचीबद्ध कीजिए।
इन सब सारणियों से हमें क्या पता चलता है? पहले हमने वस्तुओं को कई ढंग से समूहों में रखा। इसके पश्चात हमने यह पाया कि हमारे चारों ओर की वस्तुएं विभिन्न पदार्थों से बनी हैं। कई बार तो कोई वस्तु एक ही पदार्थ से बनी होती है तो ऐसा भी होता है कि एक ही वस्तु कई पदार्थों से मिलकर बनी हो सकती है, और फिर एक ही पदार्थ के उपयोग से कई वस्तुएं बनाई जा सकती हैं। यह कैसे निश्चित किया जाता है कि किसी दी गई वस्तु को बनाने के लिए कौन सा पदार्थ उपयोग किया जाना चाहिए? ऐसा लगता है कि अभी हमें विभिन्न पदार्थों के बारे में और अधिक जानकारी प्राप्त करने की आवश्यकता है?


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें